बलिया में बाढ़ का कहर: तीनों नदियां उफान पर: निचले इलाके जलमग्न गंगा उच्चतम जलस्तर के बेहद करीब, 20 हजार आबादी प्रभावित: गंगा, घाघरा, टोंस खतरे के निशान से ऊपर
संजीव सिंह बलिया में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रहा है और उच्चतम जलस्तर (High Flood Level) से महज कुछ सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है। घाघरा (सरयू) और टोंस नदी भी डेंजर प्वाइंट से ऊपर बह रही हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है।
शहर के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में
बलिया शहर के निचले हिस्सों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। नरही से लेकर जयप्रकाशनगर के भवन टोला तक के इलाकों में पानी फैलता जा रहा है। कई स्कूल और कॉलेज भी बाढ़ की जद में आ गए हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है।
तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग बड़ी बाढ़ की आशंका से डरे सहमे हैं, क्योंकि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित, राहत कार्य जारी
जिला प्रशासन के अनुसार करीब 20,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं:
47 नावें प्रभावित क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं
6,110 राशन किट वितरित किए जा चुके हैं
33,411 दवाओं के किट बांटे गए हैं
955 कुंतल भूसा पशुओं के लिए वितरित किया गया
गोपालनगर टाड़ी और भोजपुरवा में बाढ़ शरणालय एवं कम्युनिटी किचन स्थापित किए गए हैं
प्रभावित इलाकों में जेनरेटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की आपदा या समस्या होने पर तत्काल नजदीकी तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम अथवा जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।
संपर्क नंबर:
जिला कंट्रोल रूम: 9454417979
लैंडलाइन: 05498-220832, 05498-220235
टोल फ्री: 1077
























