जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा, सितंबर में कार्मिकों की तैनाती के निर्देश
लखनऊ। जिलाधिकारी विशाख जी0 की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य के लिए कार्मिकों की उपलब्धता एवं तैनाती, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन तथा एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी जनगणना के लिए सितंबर माह में सभी आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता और तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए। गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार कर प्रशिक्षण संबंधी सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता के आधार पर आवश्यकता के अनुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाने तथा गणनाकर्मियों पर कार्यभार संतुलित रखने को कहा। चार्ज एवं पर्यवेक्षण क्षेत्रों के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान और स्थलीय सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी की विभिन्न चार्ज में दोहराई गई ड्यूटी न लगाई जाए। यथासंभव कर्मचारियों की तैनाती उनके निवास स्थान अथवा कार्यस्थल के अनुरूप करने को कहा गया। पिछली जनगणना में जिन विभागों से कार्मिक उपलब्ध कराने या कार्यमुक्ति को लेकर समस्याएं सामने आई थीं, उन्हें चिन्हित कर समय से पत्राचार करते हुए पर्याप्त कार्मिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यमुक्ति और छूट के मामलों की कड़ाई से समीक्षा करने तथा उचित कारण के बिना किसी कर्मचारी को जनगणना कार्य से मुक्त न करने को कहा। उपलब्ध कार्मिक आंकड़ों का वर्ष 2024 के सामान्य निर्वाचन से संबंधित आंकड़ों से मिलान कर आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण एवं प्राप्ति तथा लंबित भुगतान प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने तथा एक समान अभिलेख के आधार पर सूचनाओं को लगातार अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना उप निदेशक डॉ. गौरव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
























