आईजीआरएस निस्तारण में बदायूं पुलिस प्रदेश में अव्वल, 135 में से 135 अंक हासिल
15 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, एसएसपी अंकिता शर्मा ने टीम की सराहना की
बदायूं। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। अगस्त 2026 के मूल्यांकन में बदायूं पुलिस ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 135 में से 135 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। इसमें बदायूं पुलिस ने संदर्भों की मार्किंग व अग्रसारण, डिफॉल्टर संदर्भ, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारी एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम श्रेणीकरण, अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट और फील्ड विजिट रिपोर्ट सहित सभी मानकों पर पूर्ण अंक प्राप्त किए।
मूल्यांकन में बदायूं पुलिस को संदर्भों की मार्किंग/अग्रसारण में 10, डिफॉल्टर संदर्भ में 20, संतुष्ट फीडबैक में 30, उच्चाधिकारी द्वारा श्रेणीकरण में 20, मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण में 10, रैंडम श्रेणीकरण में 10, उच्चाधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई में 10, जनता दर्शन फीडिंग में 10, प्रोफाइल अपडेट में 5 तथा अधिकारी की फील्ड विजिट रिपोर्ट में 10 अंक मिले।
22 में से 15 थाने भी प्रदेश में प्रथम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपद के 22 थानों में से 15 थानों ने भी आईजीआरएस मूल्यांकन में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस विभाग के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने आईजीआरएस के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज सहित आईजीआरएस यूनिट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बदायूं पुलिस ने भविष्य में भी जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की दिशा में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है।
























