बदायूँ।कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो घायल

कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो घायल

बालाजी मंदिर के पास हुआ हादसा, डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा; घायलों की हालत खतरे से बाहर

बदायूं। कछला गंगा घाट से जल भरने जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार करीब 12 लोगों में से दो को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना दातागंज क्षेत्र के ग्राम डहरपुर खुर्द निवासी करीब 12 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला जल भरने के लिए जा रहे थे। सिविल लाइन क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार दोनों घायलों को मामूली चोटें आई हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं है।

डीएम-एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए उनकी स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *