स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की रोशनी से जगमगाएगा उसावां, दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी
नगर पंचायत ने साफ-सफाई और रोशनी व्यवस्था पर बढ़ाया फोकस, लाइट पोलों पर लगाई जा रही आकर्षक तिरंगा लाइट
उसावां/बदायूं।स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के पर्व को लेकर नगर पंचायत उसावां प्रशासन ने कस्बे को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमगाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर पंचायत की ओर से जहां नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कस्बे को आकर्षक रूप देने के लिए लाइट पोलों पर तिरंगा लाइट लगाने का कार्य भी कराया जा रहा है।
नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल के तहत कस्बे के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर लगे विद्युत पोलों को तिरंगे के रंग की रोशनी से सजाया जा रहा है। शाम होते ही जब ये लाइटें जगमगाएंगी तो पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। नगर पंचायत का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को भव्य एवं आकर्षक रूप देने के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना है।
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नगर की गलियों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी कर्मचारियों को सक्रिय किया गया है। नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान नगरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि कस्बा स्वच्छ भी रहे और हमेशा रोशनी से जगमगाता भी रहे, यही नगर पंचायत की प्राथमिकता है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे की रोशनी से सजावट कर नगरवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर पंचायत की तैयारियों से कस्बे में भी उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर नगर की यह सजावट निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र बनेगी और स्वतंत्रता दिवस की खुशी को और बढ़ाएगी।
वही चेयरपर्सन प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने बताया आगामी त्यौहार 15 अगस्त रक्षाबंधन को लेकर सड़क किनारे लगी लाइटों पर तिरंगा लाइटिंग नगर पंचायत द्वारा लगाई जा रही है। जिससे हमारा कस्बा और सुंदर और अच्छा लगे।
























