कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, बिनावर-बरेली मार्ग और मेडिकल बाईपास का किया निरीक्षण
कांवड़ बूथों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शनिवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बिनावर-बरेली मार्ग तथा बदायूँ मेडिकल बाईपास पर स्थापित पुलिस कांवड़ बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आवागमन के मार्ग, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कांवड़ियों की निर्बाध आवाजाही और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कांवड़ बूथों पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान थाना प्रभारी बिनावर, थाना प्रभारी सिविल लाइन सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
























