बारिश से किसान का गिरा कच्चा मकान, खुले आसमान के नीचे आया परिवार
गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर हुआ नष्ट, ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता की मांग
शरद बिंद
दुर्गागंज/भदोही। अभोली विकास खंड के हरिपट्टी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह लगातार हो रही बारिश एक किसान परिवार के लिए आफत बन गई। सुबह करीब आठ बजे तेज बारिश के दौरान मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के सामने स्थित खेत में कृषि कार्य कर रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान के मलबे में दबकर गृहस्थी का अधिकांश सामान नष्ट हो गया और परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
जानकारी के अनुसार हरिपट्टी गांव निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र गौतम अपने परिवार के साथ वर्षों पुराने कच्चे मकान में रहते हैं। गुरुवार सुबह क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें पानी से कमजोर हो गईं। इसी दौरान अचानक पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे सामान को निकालने का प्रयास किया।
मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। पीड़ित किसान राजेंद्र गौतम ने बताया कि वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मकान गिर जाने के कारण अब परिवार के सामने रहने और दैनिक जीवन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजेंद्र गौतम की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में अचानक मकान गिरने से परिवार पूरी तरह संकट में आ गया है। बारिश का दौर जारी रहने से परिवार के सामने सिर छिपाने की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर क्षति का सर्वे कराए और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शासन की आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। घटना के बाद गांव में लोगों का तांता लगा रहा और सभी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
























