स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश, राष्ट्रीय पर्व गरिमा और उत्साह के साथ मनाने पर जोर
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के गरिमामय एवं भव्य आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय के अनुसार संपन्न कराने तथा आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता न हो।
डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे राष्ट्रीय पर्व पूरे जिले में उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जा सके। उन्होंने सभी विभागों से अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
























