छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में सहायक अध्यापक निलंबित, बीएसए ने बैठाई जांच
डकिनगंज विद्यालय में अभिभावकों का हंगामा; बीईओ नवानगर को 15 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
बलिया।
पंदह/नवानगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय डकिनगंज में तैनात सहायक अध्यापक अक्षय लाल यादव पर छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के गंभीर आरोप लगने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें शिक्षा क्षेत्र नवानगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय गाजीपाकड़ से संबद्ध किया गया है।
बताया गया कि विद्यालय की एक छात्रा को स्मार्ट क्लास के कमरे में अकेले ले जाकर अनुचित व्यवहार किए जाने की जानकारी बच्चों ने अपने परिजनों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर भी कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच में खंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष यह तथ्य सामने आया कि संबंधित अध्यापक नियमित रूप से उक्त छात्रा को स्मार्ट क्लास में अकेले ले जाते थे। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें नाम काटने की धमकी दी जाती थी। विद्यालय के अन्य शिक्षकों द्वारा आपत्ति जताने पर उनसे विवाद होने का भी आरोप जांच रिपोर्ट में दर्ज किया गया है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीर बहादुर, अन्य शिक्षकों और अभिभावकों ने हस्ताक्षरित शिकायत बीईओ को सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए बीएसए ने निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि संबंधित शिक्षक का आचरण छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय के शैक्षिक वातावरण के प्रतिकूल है तथा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (आचरण एवं अपील) नियमावली, 1999 के प्रावधानों के विपरीत प्रतीत होता है।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी नवानगर पंकज कुमार सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि संबंधित शिक्षक को आरोप पत्र उपलब्ध कराकर उनका लिखित पक्ष प्राप्त किया जाए तथा 15 दिनों के भीतर तथ्यपरक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
हालांकि, अभी तक इन आरोपों पर अंतिम जांच पूरी नहीं हुई है और मामले की विभागीय जांच जारी है। वहीं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
























