बैंक में टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
बिनावर थाना पुलिस की कार्रवाई, जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली; अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और ईको कार बरामद
बदायूँ। जनपद के थाना बिनावर पुलिस ने एसबीआई बैंक में टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 9 जुलाई को कस्बा बिनावर स्थित एसबीआई बैंक में टप्पेबाजी की वारदात में शामिल थे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक आरक्षी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना बिनावर पुलिस गंगा एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध ईको कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पीछा करने के दौरान ईको कार औरंगाबाद तिराहे के पास कच्चे रास्ते में फंस गई। आरोपियों ने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई, जिससे आरक्षी सुधीर पाल घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में नवीन उर्फ लक्की उर्फ सनी के बाएं पैर तथा विटूल बंसल उर्फ ललित के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर घायल आरक्षी के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 जुलाई को बिनावर स्थित एसबीआई बैंक में टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक और वारदात की योजना बनाकर जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹6,500 नकद, दो देशी तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा दिल्ली नंबर की एक ईको कार (DL5CJ8911) बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन उर्फ लक्की उर्फ सनी निवासी गाजियाबाद तथा विटूल बंसल उर्फ ललित निवासी झज्जर (हरियाणा), हाल निवासी नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और टप्पेबाजी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।
























