एडीजी बरेली जोन ने कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, “Zero Incident, Zero Accident” लक्ष्य के साथ अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कछला गंगा घाट व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, पुलिस लाइन बदायूं में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी, जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन प्लान, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा का लक्ष्य “Zero Incident, Zero Accident” रहेगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, निरंतर गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, त्वरित रिस्पांस और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।
स्थलीय निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन बदायूं में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बरेली अंशिका वर्मा तथा अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
एडीजी ने निर्देश दिए कि बदायूं से जुड़े बरेली, सम्भल और शाहजहांपुर जनपदों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। सीमावर्ती थानों के बीच सूचना का त्वरित आदान-प्रदान और किसी भी आकस्मिक स्थिति में संयुक्त कार्रवाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, पेयजल, सीसीटीवी निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, शिविरों में अग्निशमन एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया।
एडीजी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण अनुशासन, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 बदायूं सहित पूरे बरेली जोन में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
























