दिल्ली जाते समय ट्रेन से गिरकर घायल युवक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गंगारामपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र कुमार बिंद की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गंगारामपुर गांव निवासी स्वर्गीय शिरोमणि बिंद के पुत्र सुरेंद्र कुमार बिंद दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते थे। इन दिनों वह घर आए हुए थे। 24 तारीख को वह घर से वापस दिल्ली जाने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि जब उनकी ट्रेन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी, उसी दौरान वह चलती ट्रेन से अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार को जब सुरेंद्र का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। सुरेंद्र अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली में नौकरी करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सुरेंद्र कुमार बिंद के तीन बेटे हैं और तीनों अभी नाबालिग हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण और बच्चों की परवरिश का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
घटना के बाद गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत जताई है, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार और बच्चों को सहारा मिल सके।
























