बदायूँ।दातागंज में पुलिस मुठभेड़: ₹25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में घायल

दातागंज में पुलिस मुठभेड़: ₹25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में घायल

नशीला पदार्थ पिलाकर लूट की वारदात का था आरोपी, 20 एटीएम कार्ड, तमंचा और नकदी बरामद; एक सिपाही भी घायल

बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त अजय उर्फ बबलू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त और एक पुलिसकर्मी दोनों घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को कस्बा दातागंज में एक व्यक्ति को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया था। बेहोश होने के बाद उसकी जेब से नकदी और एटीएम कार्ड निकाल लिए गए थे। इस मामले में थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी सन्नी सैनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अजय उर्फ बबलू फरार चल रहा था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।

बुधवार को समरेर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल राहुल गौतम के दाहिने हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 20 एटीएम कार्ड और ₹2,400 नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर नशीला पदार्थ पिलाकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट सहित 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *