भदोही।स्वास्थ्य जागरूकता के लिए पीएचसी दुर्गागंज से निकली साइकिल रैली

स्वास्थ्य जागरूकता के लिए पीएचसी दुर्गागंज से निकली साइकिल रैली

चिकित्सा प्रभारी डॉ. आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

शरद बिंद

दुर्गागंज, भदोही। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) दुर्गागंज में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत चिकित्सा प्रभारी डॉ. आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, विशेष रूप से साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना था।

रैली को संबोधित करते हुए डॉ. आशीष चतुर्वेदी ने कहा कि साइकिल चलाना सबसे सरल, सुलभ और प्रभावी व्यायामों में से एक है। इससे हृदय स्वस्थ रहता है, रक्त संचार बेहतर होता है और शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। नियमित साइकिलिंग से मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप समेत कई जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति अधिक ऊर्जावान महसूस करता है।

रैली के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को प्रतिदिन कुछ समय शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर इंद्र भूषण पांडे, डॉ. सुमन वर्मा, सुधीर पांडे सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साइकिल रैली को स्थानीय लोगों का भी अच्छा समर्थन मिला और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *