सड़क हादसे में युवक की मौत, पत्नी और बेटा गंभीर घायल
रोडवेज बस की टक्कर से हुआ हादसा, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शरद बिंद | भदोही
दुर्गागंज। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गंगारामपुर गांव निवासी 32 वर्षीय शिवकुमार यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी निशा देवी (28) और 11 वर्षीय पुत्र आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमार यादव शनिवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से जौनपुर जा रहे थे। प्रयागराज-शाहगंज मार्ग पर कोल्हुआ के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवकुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी निशा देवी और पुत्र आर्यन को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिवकुमार का शव जब पैतृक गांव गंगारामपुर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माता-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी और बेटे के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के पिता मूलचंद यादव ने बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बस चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
























