बदायूँ।आयुष्मान योजना बनी गरीबों के लिए जीवनरक्षक, 1.17 लाख मरीजों को मिला मुफ्त इलाज

आयुष्मान योजना बनी गरीबों के लिए जीवनरक्षक, 1.17 लाख मरीजों को मिला मुफ्त इलाज

जनपद में 8.55 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने, 33 अस्पतालों में मिल रही उपचार की सुविधा

बदायूं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जनपद बदायूं में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिली है।

जनपद में अब तक 8,25,345 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के 30,201 वरिष्ठ नागरिकों के भी आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए हैं। योजना के अंतर्गत 19 सरकारी और 14 निजी सहित कुल 33 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है।

अब तक 1.17 लाख से अधिक कार्डधारकों को योजना का लाभ मिल चुका है। उपचार के एवज में सूचीबद्ध अस्पतालों को 171.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो योजना की प्रभावशीलता और जनविश्वास को दर्शाता है।

योजना से लाभान्वित होने वालों में दातागंज क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा निवासी 55 वर्षीय महेश भी शामिल हैं, जो गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। आर्थिक तंगी के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन आयुष्मान कार्ड बनने के बाद उन्होंने सूचीबद्ध अस्पताल में निःशुल्क उपचार कराया और अब स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

इसी प्रकार आसमा बेगम को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के दौरान आयुष्मान योजना के माध्यम से बेहतर अस्पताल में मुफ्त इलाज मिला, जिससे उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। वहीं ग्राम नसीरपुर निवासी अरविंद पुत्र मनोहर सिंह का भी गंभीर बीमारी का सफल उपचार योजना के तहत हुआ और अब वह सामान्य जीवन जी रहे हैं।

आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते बदायूं ने पिछले सात दिनों में 10,907 नए आयुष्मान कार्ड बनाकर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि का श्रेय आयुष्मान योजना की टीम, चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों तथा योजना से जुड़े सभी कार्मिकों को दिया गया।

जिला प्रशासन ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और आवश्यकता पड़ने पर सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *