100 वर्ष की हुईं प्रतिभा जोशी, मुख्यमंत्री योगी ने दी शुभकामनाएं
महापौर, डीएम और नगर आयुक्त ने घर पहुंचकर किया सम्मान, मुख्यमंत्री का संदेश और स्मृति-उपहार भेंट किया
लखनऊ। इंदिरा नगर निवासी प्रतिभा जोशी ने गुरुवार को अपने जीवन के 100 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शतायु होने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
मुख्यमंत्री की ओर से शुभकामनाएं पहुंचाने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल, जिलाधिकारी विशाख जी. और नगर आयुक्त गौरव कुमार उनके आवास पहुंचे। अधिकारियों ने प्रतिभा जोशी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ तथा ‘एक जनपद एक उत्पाद (ODOP)’ का स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर पूर्वी) महेंद्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनोज सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
16 जुलाई 1926 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जन्मीं प्रतिभा जोशी का जीवन अनुशासन, शिक्षा, सादगी और राष्ट्रसेवा का प्रेरक उदाहरण रहा है। सीमित संसाधनों के बीच दीये की रोशनी में पढ़ाई करते हुए उन्होंने वर्ष 1940 में एंग्लो वर्नाक्युलर मिडिल स्कूल की परीक्षा में तत्कालीन संयुक्त प्रांत (वर्तमान उत्तर प्रदेश) में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद वर्ष 1944 में एडम्स गर्ल्स स्कूल से हाईस्कूल परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वर्ष 1946 में इंजीनियर तारा चरण जोशी से विवाह के बाद उन्होंने परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने क्रांतिकारियों के लिए मफलर और बैज तैयार कर राष्ट्रसेवा में भी योगदान दिया।
प्रतिभा जोशी का कहना है कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने युवाओं से माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वर्तमान में उनका परिवार तीन बेटों, दो बेटियों और कई पीढ़ियों तक विस्तृत हो चुका है। उनके 100वें जन्मदिवस पर पूरा परिवार एकत्रित हुआ और इस ऐतिहासिक अवसर को हर्षोल्लास एवं सम्मान के साथ मनाया।
























