सड़क हादसे में कमिश्नर के सुरक्षा गार्ड आरक्षी बलवंत सिंह यादव की दर्दनाक मौत
ड्यूटी से लौटते समय बेलईशा पुल के पास अनुबंधित बस की टक्कर से मौके पर ही निधन
आजमगढ़।
जनपद आजमगढ़ में कमिश्नर के सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात आरक्षी नागरिक पुलिस बलवंत सिंह यादव की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 15 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे थाना सिधारी क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, आरक्षी बलवंत सिंह यादव पुलिस लाइन लौट रहे थे। इसी दौरान अनुबंधित बस संख्या UP 50 DT 7577 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक आरक्षी का जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था और उन्होंने 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर सेवा शुरू की थी। वर्तमान में वे आजमगढ़ मंडल के कमिश्नर की सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे।
आरक्षी बलवंत सिंह यादव जनपद चंदौली के थाना धीना क्षेत्र के ग्राम करजरा, पोस्ट एवती के निवासी थे। उनके पिता का नाम श्री मोती सिंह यादव है।
इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। दुर्घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
























