बलिया।कामजी गोंड मौत मामले में 17 जुलाई को गायघाट पहुंचेगा सपा का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल

कामजी गोंड मौत मामले में 17 जुलाई को गायघाट पहुंचेगा सपा का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल

बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 17 जुलाई को बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत गायघाट गांव का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल गांव निवासी कामजी गोंड की कथित पुलिस पिटाई से हुई मौत के मामले में परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेगा तथा घटना के तथ्यों की जानकारी जुटाएगा। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 14 जुलाई को पत्र जारी किया है।

प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामगोविन्द चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय, रामशंकर राजभर, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्यास जी गौड़, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, विधायक जियाउद्दीन रिज़वी, जय प्रकाश अंचल, राजेश गौड़, हरिहार गौड़ तथा विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।

पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने बताया कि समाजवादी पार्टी हमेशा पीड़ित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि गायघाट की घटना में पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल का निरीक्षण करेगा, परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेगा तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मामले की त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करेगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *