चीन से स्वर्ण जीतकर लौटे आनंद सिंह का भव्य स्वागत, बधाई देने वालों का लगा तांता
भाला फेंक में गोल्ड जीतकर बढ़ाया देश का मान, आजमगढ़ में खेल स्टेडियम की उठाई मांग
उपेंद्र कुमार पांडेय।आजमगढ़
चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले आजमगढ़ के होनहार एथलीट आनंद सिंह का गृह जनपद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। टहर किसुदेवपुर निवासी आनंद सिंह की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से होते हुए जैसे ही आनंद सिंह का काफिला कंधरापुर क्षेत्र के सेहदा कट पहुंचा, वहां पहले से मौजूद खेल प्रेमियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। आनंद ने सबसे पहले अपने पिता अमरजीत सिंह के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह में रोटरी क्लब के अध्यक्ष एवं भाजपा सह-कोषाध्यक्ष श्रेय अग्रवाल, भाजपा नेता रित्विक जायसवाल, मनीष यादव, एथलेटिक्स संघ के संयुक्त सचिव मुज़म्मिल खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वर्ण पदक विजेता का सम्मान किया।
इस अवसर पर आनंद सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने बताया कि भाला फेंक की प्रेरणा उन्हें कप्तानगंज इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान मिली थी, जहां से उनके खेल जीवन की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की बदौलत ही आज यह मुकाम हासिल कर सके हैं।
आनंद सिंह ने सरकार से आजमगढ़ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम विकसित करने की मांग भी की। उनका कहना था कि जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेहतर संसाधनों के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम और अधिक रोशन कर सकते हैं।
























