बदायूँ।मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी, दोनों पैरों में लगी गोली

मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी, दोनों पैरों में लगी गोली

बदायूं। जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी आरोपी की फायरिंग में घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 25 जून की शाम थाना क्षेत्र के एक गांव से चार वर्षीय बच्ची खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। कुछ घंटे बाद बच्ची गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में घायल अवस्था में मिली। चिकित्सीय परीक्षण और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना अलापुर पुलिस, महिला थाना, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस का दावा है कि जांच में ग्राम भसराला निवासी 58 वर्षीय अबरार पुत्र लतीफ का नाम सामने आया।

रविवार सुबह आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 110 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बताया गया रक्तरंजित अंगोछा बरामद करने का दावा किया है।

पूछताछ में आरोपी ने वासना के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार करने का दावा पुलिस ने किया है। आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो एक्ट तथा मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। उपचार और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *