बड़ी कार्रवाई: गो-तस्करी में संलिप्तता के संदेह में छह पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
बलिया। जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गो-तस्करी में संलिप्तता के संदेह में छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले फेफना पुलिस और स्पेशल ऑप्स ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने एक बड़े गो-तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके कब्जे से 26 गोवंशीय पशु और छह वाहन बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने कुछ पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी थी।
प्राथमिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर एसपी ओमवीर सिंह ने कोतवाली थाना के मुकेश कुमार, रिंकू गुप्ता और अमन सिंह तथा दुबहड़ थाना के मनोज कुमार, दिनेश विश्वकर्मा और आलोक को निलंबित कर दिया।
एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का हिस्सा बताया है। प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
























