5 लाख की लूट की सूचना निकली झूठी, जांच में सामने आया मारपीट का मामला
उसावां (बदायूं)। थाना उसावां क्षेत्र में पांच लाख रुपये की लूट की सूचना से मंगलवार शाम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में मामला लूट का नहीं बल्कि रास्ता देने को लेकर हुए विवाद और मारपीट का निकला।
जानकारी के अनुसार ग्राम उमी नगला निवासी रिंकू यादव ने थाना उसावां पहुंचकर शिकायत की कि ग्राम रतेनगला निवासी समोद पुत्र सतीश ने उससे पांच लाख रुपये लूट लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने तत्काल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पांडे भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों तथा खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों पक्षों के बीच रास्ता न देने को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पुलिस जांच में लूट की घटना की पुष्टि नहीं होने पर दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। इसके बाद मारपीट के संबंध में तहरीर प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पांडे ने बताया कि पांच लाख रुपये की लूट की सूचना जांच में असत्य पाई गई है। मामला आपसी विवाद और मारपीट का है। दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
























