पुलिस मुठभेड़ में शातिर भैंस चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जवाबी फायरिंग में एक सिपाही भी घायल, अवैध तमंचा, नगदी और पिकअप बरामद
दातागंज (बदायूं)। थाना दातागंज पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर भैंस चोर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग से एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की रकम और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हाल ही में भैंस चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधी क्षेत्र में दोबारा वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
पुलिस ने बेलाडांडी पुल के पास नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के संकेत पर चालक वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो पिकअप में सवार तीन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरक्षी नितिन आर्य गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन पुत्र मंसूर अली निवासी ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13-14 जून की रात ग्राम बेलाडांडी से चोरी की गई भैंस को 45 हजार रुपये में बेचा था। इसमें से कुछ रकम खर्च हो गई, जबकि उसके हिस्से के 14,500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार गुलशन एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी है, जिसके खिलाफ शाहजहांपुर जिले में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज हैं। दातागंज थाने में भी उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बरामदगी
एक अवैध तमंचा (315 बोर) व एक खोखा कारतूस
दो जिंदा कारतूस (315 बोर)
भैंस चोरी से संबंधित 14,500 रुपये नकद
चोरी की वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP-24 DT-4073
पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
























