बदायूँ जनपद के उसावा में युवती ने अपनाया हिंदू धर्म, युवक से मंदिर में विवाह

बदायूँ जनपद के उसावा में युवती ने अपनाया हिंदू धर्म, युवक से मंदिर में विवाह

उसावा। जनपद के कस्बा उसावा के अकबरपुर चौराहा स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर में  एक युवती ने हिंदू धर्म अपनाकर हिंदू युवक से विवाह कर लिया। विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।

जानकारी के अनुसार, युवती ने अपना नाम बदलकर नया हिंदू नाम रख लिया। इसके बाद उसने नगर पंचायत उसावा निवासी एक युवक के साथ मंदिर में विधिवत फेरे लेकर विवाह कर लिया।

युवती ने बताया कि दोनों ने अपनी इच्छा से पहले कोर्ट मैरिज की थी और अब स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया है। उसने कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और भविष्य में किसी प्रकार का खतरा महसूस होने पर पुलिस से शिकायत करेगी।

वहीं युवक ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है। उसने आशंका जताई कि भविष्य में युवती के परिवार की ओर से उन्हें परेशानी हो सकती है।

मंदिर में विवाह संपन्न होने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने नवविवाहित जोड़े को उनके घर तक पहुंचाया। युवक के परिजनों ने भी युवती को अपनी बहू के रूप में स्वीकार करने की बात कही। इस दौरान दोनों पक्षों के कुछ सदस्य और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थानाध्यक्ष उसावां राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा आईजीआरएस पर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। युवती ने पुलिस के सामने युवक के साथ जाने की इच्छा जताई। युवती के बयान के आधार पर उसे युवक और उसके परिवार के साथ भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *