म्याऊं चौकी पुलिस ने ईमानदारी दिखाते हुए लाखों के जेवरात से भरा बैग लौटाया
म्याऊं (बदायूं)। थाना अलापुर की पुलिस चौकी म्याऊं ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ बैग बरामद कर सुरक्षित उसके स्वामी को सौंप दिया। बैग में सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण और मोबाइल फोन रखा हुआ था। पुलिस की सक्रियता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम विशुनपुरी निवासी मिथलेश पत्नी मुनेंद्र सिंह 15 जून 2026 को अपनी मां और बच्चों के साथ मायके ग्राम महरौली थाना मूसाझाग से ऑटो द्वारा अपनी ससुराल लौट रही थीं। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के कारण वह जल्दबाजी में ऑटो से उतर गईं, जिससे उनका बैग कहीं छूट गया।
उधर चौकी इंचार्ज म्याऊं अंकुश सिंह चौहान अमावस्या पर्व के चलते कछला गंगा घाट ड्यूटी से लौटे ही थे कि महिला और उसके परिजन रोते-बिलखते हुए चौकी पहुंचे। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी ने तत्काल ऑटो की तलाश शुरू कराई।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद संबंधित ऑटो का पता थाना उसावां क्षेत्र के गांव गौतरा में लगा। पुलिस टीम ने ऑटो चालक से पूछताछ कर वाहन की तलाशी ली, जिसमें महिला का बैग बरामद हो गया। बैग में महिला द्वारा बताए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल सुरक्षित मिले।
महिला के परिजनों ने बताया कि बैग में रखे जेवरात की कीमत लगभग दो से ढाई लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि यदि म्याऊं चौकी पुलिस सक्रियता न दिखाती तो बैग और जेवरात मिलना मुश्किल था।
आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने बैग महिला को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने चौकी प्रभारी अंकुश सिंह चौहान तथा पुलिस टीम के सदस्य सत्यवीर सिंह और शहंशाह खान का आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।
























