बदायूं में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टरों की रेस ने ली 6  महिलाओं की जान, 3 घायल

बदायूं में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टरों की रेस ने ली 6  महिलाओं की जान, 3 घायल

उझानी (बदायूं)। जनपद के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे दो ट्रैक्टरों की टक्कर की चपेट में आने से एक ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कछला और उझानी के बीच भूलपुर क्षेत्र स्थित करुआ पुल के पास दो ट्रैक्टर चालक कथित रूप से आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा को दोनों ट्रैक्टरों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

भात मांगने जा रहे थे परिजन, मातम में बदली खुशियां

हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि ई-रिक्शा में सवार लोग एक शादी समारोह की तैयारियों के सिलसिले में भात मांगने जा रहे थे। कछला के मुरावन नगला निवासी डालसिंह के पुत्र कुंवरपाल का विवाह 29 जून को होना तय है। विवाह की रस्मों के तहत डालसिंह अपनी पत्नी राजकुमारी, रिश्तेदारों और गांव की महिलाओं के साथ गांव गठौना भात मांगने जा रहे थे।

लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दुर्घटना में दूल्हे की मां राजकुमारी, गंगाश्री, रेवती, प्रेमा, नारायणी सहित छह महिलाओं की मौत हो गई। वहीं दूल्हे के पिता डालसिंह, ई-रिक्शा चालक सन्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस कर रही जांच

क्षेत्राधिकारी उझानी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार ट्रैक्टर चालकों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद कछला और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। जिन घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *