लखनऊ।12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का नया अध्याय लिखने में सफल रही मोदी सरकार : सुरेश कुमार खन्ना

12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का नया अध्याय लिखने में सफल रही मोदी सरकार : सुरेश कुमार खन्ना

लखनऊ। पी के श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस में मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई कार्य संस्कृति को देखा है, जिसने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए देश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। सरकार की नियत, नीति और निर्णायक नेतृत्व के चलते भारत आज विकास और विश्वास का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है।

श्री खन्ना ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देशभर में 4.28 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के चलते बालिकाओं के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश में 2.85 करोड़ से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया गया है। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत देश में 4.50 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं और प्रदेश में 26.81 लाख बेटियां लाभान्वित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत देश के 78.41 करोड़ बीमित किसानों को 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। इसके अलावा 25 करोड़ से अधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

गरीब कल्याण को मोदी सरकार की सबसे बड़ी पहचान बताते हुए श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 5.37 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के 62 लाख परिवार शामिल हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के 45 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है, जबकि उत्तर प्रदेश में 5.59 करोड़ नागरिक इससे लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत 81.35 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत 2 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाया है। उत्तर प्रदेश में 21 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं। वर्ष 2017 में प्रदेश की बेरोजगारी दर जहां 6 प्रतिशत थी, वहीं वर्ष 2025 में यह घटकर 3.1 प्रतिशत रह गई है।

श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का आधारभूत ढांचा अभूतपूर्व गति से विकसित हुआ है। वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जो अब बढ़कर 160 से अधिक हो गए हैं। एक्सप्रेसवे नेटवर्क भी तेजी से बढ़ा है और डिजिटल इंडिया अभियान ने पारदर्शिता, सुगमता और जवाबदेही को नई दिशा दी है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 25 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ से अधिक हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड, आगरा-लखनऊ और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है। स्मार्ट सिटी मिशन, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, मेट्रो रेल परियोजनाएं तथा गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रकल्प उत्तर प्रदेश को देश की विकास यात्रा में अग्रणी राज्य बना रहे हैं।

अंत में श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प की कहानी है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र के साथ देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *