देवरिया।नाबालिग दलित लड़की से अमानवीय व्यवहार के विरोध में भाकपा माले और ऐपवा का धरना प्रदर्शन

नाबालिग दलित लड़की से अमानवीय व्यवहार के विरोध में भाकपा माले और ऐपवा का धरना प्रदर्शन

देवरिया। राजेश 

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) भाकपा माले एवं अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को देवरिया में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की मांग उठाई।

धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम चक जग बंधन उर्फ मिश्रौली में दलित समुदाय की 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि गांव निवासी हरिकेश कुमार गुप्ता ने लड़की पर पैसे चोरी का आरोप लगाकर उसे घर से जबरन उठा लिया और उसके साथ मारपीट व अभद्रता की। आरोप यह भी लगाया गया कि बाल पकड़कर उसे पूरे गांव में घुमाया गया, चप्पल पर थूक कर चटवाया गया तथा ग्राम प्रधान के दरवाजे पर पेड़ से बांध दिया गया।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में केवल खानापूर्ति करते हुए एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बजाय छोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

धरने में दूसरा मुद्दा भाटपाररानी थाना क्षेत्र में मल्लाह समाज के एक युवक की हत्या का उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि 30-31 मई की रात युवक की हत्या के बाद ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम किया था, लेकिन पुलिस ने सैकड़ों ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमे वापस लेने और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

इसके अलावा वक्ताओं ने सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया की मृत्यु का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विदेशी हमले में भारतीय मालवाहक जहाज के ध्वस्त होने से उनकी मौत हुई है। उन्होंने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की।

धरना सभा को भाकपा माले के जिला सचिव राम कुशवाहा, शिवाजी राय, ऐपवा जिला अध्यक्ष गीता पांडे, सुमन गौड़, पूनम यादव, मीणा मद्धेशिया, सविता सिंह, बैरिस्टर शर्मा, अमरनाथ गोंड, रघुनाथ पासवान, इंदु देवी, सीमा देवी, सरिता देवी, सुनैना देवी, गिरजा पटेल, सविता पटेल, अंकित भारती एवं कालिंदी देवी सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *