भदोही।मुहर्रम को लेकर दुर्गागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित।

मुहर्रम को लेकर दुर्गागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित।

शरद बिंद

दुर्गागंज,भदोही। दुर्गागंज थाना परिसर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों तथा डिजिटल वालंटियरों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुझाव प्राप्त किए।

बैठक में अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधित कर कोई आयोजन नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की। बताया गया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *