आजमगढ़।ऑपरेशन वज्रपात: इंस्टाग्राम गैंग बनाकर दहशत फैलाने वाले 6 किशोर पुलिस की पकड़ में

ऑपरेशन वज्रपात: इंस्टाग्राम गैंग बनाकर दहशत फैलाने वाले 6 किशोर पुलिस की पकड़ में

लालगंज, आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लालगंज श्री भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में थाना मेहनाजपुर पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत विशेष अभियान चलाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग संस्कृति के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा युवाओं में बढ़ रही गैंग प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना था।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ किशोर इंस्टाग्राम पर “7776 गैंग” नाम से ग्रुप बनाकर उसका प्रदर्शन कर रहे हैं और मोटरसाइकिलों के झुंड के साथ क्षेत्र में घूमकर दहशत का माहौल बना रहे हैं। इस पर थाना मेहनाजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े छह किशोरों को चिन्हित किया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए किशोरों में महुआपार निवासी कुनाल कुमार, अभय राजभर, मेहनाजपुर निवासी प्रिंस कुमार, जामुडीह निवासी वृजेश कुमार, सिहुका अबीरपुर निवासी द्वारिका प्रजापति तथा महुआपार निवासी गोलू प्रजापति शामिल हैं। सभी की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है।

थाना परिसर में अभिभावकों की मौजूदगी में सभी किशोरों की काउंसलिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही दो मोटरसाइकिलों (UP50CD4272 व UP50AW2490) को सीज किया गया।

पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *