प्रकृति का तांडव: सीएम योगी के आजमगढ़ पहुंचते ही बदला मौसम, तेज आंधी से पंडाल का एंगल टूटा, मची अफरा-तफरी

प्रकृति का तांडव: सीएम योगी के आजमगढ़ पहुंचते ही बदला मौसम, तेज आंधी से पंडाल का एंगल टूटा, मची अफरा-तफरी

सीएम के लोकार्पण से पहले ही उड़ गए पर्दे

मौसम विभाग के अलर्ट को प्रशासन ने किया नजरअंदाज

सीएम योगी का अखिलेश को तंज: दूसरों को उपदेश देने के बजाय अपने लोगों को संस्कारित करें, नहीं तो हमारे हवाले कर दें

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आजमगढ़ आगमन के दौरान प्रकृति का एक अनोखा और रौद्र रूप देखने को मिला। सीएम योगी महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में ₹955 करोड़ से अधिक की लागत वाली 39 विकास परियोजनाओं की सौगात देने और जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। शुरुआत में पूरा पंडाल जनता से खचाखच भरा हुआ था, लेकिन मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही अचानक मौसम का मिजाज बदल गया।

जैसे ही कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मंच से अपना संबोधन शुरू किया, वैसे ही तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि पंडाल की छत का एक तरफ का एंगल उखड़ गया। जनता में अफरा-तफरी मच गई, अनहोनी की आशंका में लोग अपनी जान बचाने के लिए कुर्सियां छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, बाकी के लोग विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी कुर्सियों को थामे रहे और कार्यक्रम में डटे रहे।

मौसम के इस बदले मिजाज के बीच एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विकास परियोजनाओं का आधिकारिक उद्घाटन किए जाने से पहले ही, तेज हवाओं के झोंकों ने शिलापट्टों पर ढके पर्दों को उड़ा दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रकृति ने खुद ही इन योजनाओं का लोकार्पण कर दिया हो। इस दौरान वहां तैनात कर्मचारी शिलापट्टों के पर्दों को संभालने की नाकाम कोशिश करते नजर आए।

हैरानी की बात यह है कि इस कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही मौसम विभाग ने बाकायदा अलर्ट जारी किया था। चेतावनी में साफ कहा गया था कि अगले 3 घंटों के भीतर क्षेत्र में बिजली कड़कने, हल्की बारिश से तेज आंधी आने की पूरी संभावना है। इस गंभीर चेतावनी के बावजूद स्थानीय प्रशासन स्थिति की गंभीरता को भांपने में नाकाम रहा, जिससे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चूक उजागर हुई।

₹955 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात देने आजमगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर हुई अभद्र टिप्पणी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए।” सीएम योगी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने खुद पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे, क्योंकि किसी भी बेटी पर अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरों को उपदेश देने के बजाय वह अपने लोगों को भाषा पर संयम रखने की सीख दें। सपा कार्यकर्ता जिस तरह बहन-बेटियों, बुजुर्गों और दिवंगत नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, उसके लिए उन्हें संस्कारित करने की जरूरत है। सीएम योगी ने सख्त लहजे में कहा, “अच्छा होगा कि उनको समझाओ, और यदि नहीं हो सकता तो हमारे हवाले कर दीजिए, हम समझा लेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *