जिला बैठक में बूथ तक संगठन की मजबूती पर जोर, आगामी अभियानों की बनी रणनीति
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर की जिला बैठक शनिवार को सीहीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र महामंत्री तथा जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि बूथ का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूत नींव है और बूथ जितना सशक्त होगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों को सक्रिय रखते हुए नियमित संपर्क, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा अन्य राजनीतिक दलों से अलग है, जहां कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने विगत दिनों आयोजित मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की बैठकों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न मंडलों से प्राप्त प्रतिवेदनों पर चर्चा करते हुए संगठन की गतिविधियों का मूल्यांकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए ताकि पार्टी की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों,कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री संतोष मिश्रा ने किया।
इसके पूर्व नवनिर्वाचित निदेशक भूमि विकास बैंक डॉ. अजय सिंह का सभी उपस्थित जनों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विजय कुमार पटेल, राजेश सिंह, डॉ. नृपेन्द्र सिंह, डॉ. अभिषेक रावत, स्कन्द पटेल, ऊषा किरण, अतुल कुमार पांडेय, रणविजय सिंह, मोहन राजभर, हरिश्चंद्र मौर्या, सुदर्शन सिंह, केपी मिश्रा, कमलेश राय, जयेश सिंह, हरिराम पाल, मनोज जायसवाल, डॉ. रामचंद्र बिंद, सोनिया गिरी, ऋषिकेश तिवारी, शिवम पाल आदि उपस्थित रहे।
























