बदायूं में सम्पन्न हुई अंतरजनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता, विजेता टीमों को मिली चल बैजंती ट्रॉफी

बदायूं में सम्पन्न हुई अंतरजनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता, विजेता टीमों को मिली चल बैजंती ट्रॉफी

बदायूं। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र बरेली श्री अजय कुमार साहनी के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित तृतीय अंतरजनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, जिम्नास्टिक और फेंसिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बरेली जोन के आठ जनपदों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जनपद बिजनौर की टीम प्रतियोगिता में शामिल नहीं हुई।

प्रतियोगिता का आयोजन 3 जून से 5 जून 2026 तक रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं के परेड ग्राउंड में किया गया। समापन अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अजय कुमार साहनी ने विजेता टीमों को चल बैजंती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

खो-खो पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जनपद बदायूं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीलीभीत को 27-18 अंकों से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं खो-खो महिला वर्ग के फाइनल में बदायूं ने मुरादाबाद को 13-05 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

कबड्डी महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में बदायूं और मुरादाबाद के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें बदायूं ने 33 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुरादाबाद 31 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

वहीं कबड्डी पुरुष वर्ग के फाइनल मैच में पीलीभीत ने मेजबान बदायूं को 30-22 अंकों से हराकर चल बैजंती ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, दीपेश कुमार पीटीआई, रामदास यादव एनआईएस, रामअवतार पीटीआई, सत्यवीर सिंह यादव एवं जिला व्यायाम शिक्षिका ज्योति सक्सेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का संचालन प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह द्वारा किया गया, जबकि उद्घोषणा का कार्य रविन्द्र मोहन सक्सेना और प्रभारी निरीक्षक बिसौली कमलेश मिश्रा ने किया।

समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर/लाइन रजनीश कुमार उपाध्याय सहित अन्य जनपदों से आए टीम मैनेजर एवं अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर खो-खो महिला एवं पुरुष वर्ग तथा कबड्डी महिला वर्ग में जनपद बदायूं को चल बैजंती ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि कबड्डी पुरुष वर्ग में जनपद पीलीभीत विजेता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *