चौहरे हत्याकांड का खुलासा: बेटे ने रची थी परिवार की हत्या की साजिश, साथी ने उसे भी उतारा मौत के घाट
प्रयागराज। जिले को दहला देने वाले चौहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा ली। जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक बेटे अभिषेक ने ही आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में अपने माता-पिता व बहन की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने दोस्त सनी गुप्ता को वारदात में शामिल किया, लेकिन लालच में अंधे सनी ने अभिषेक को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सनी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अभिषेक परिवार की आर्थिक स्थिति से परेशान था और जल्दी पैसा कमाने के लिए लूट की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत दोनों ने मिलकर परिवार को रास्ते से हटाने का फैसला किया। वारदात के दौरान परिवार के सदस्यों की हत्या के बाद सनी की नीयत बदल गई और उसने अभिषेक को भी मार डाला, ताकि पूरे मामले का राज हमेशा के लिए दफन हो जाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, करीब एक हजार रुपये नकद तथा भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। जिस बेटे को परिवार का सहारा माना जाता था, उसी के द्वारा रची गई साजिश ने चार जिंदगियां निगल लीं, जबकि अंत में उसका साथी ही उसका कातिल बन बैठा। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

