
रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, शाहगंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शाहगंज (जौनपुर)। रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को शाहगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र निवासी सैय्यद रिजवानुल हसन ने 28 जनवरी 2026 को थाना शाहगंज में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे भारी रकम ली गई, फर्जी वेबसाइट के जरिए रिजल्ट दिखाया गया और पश्चिम बंगाल के वर्धमान रेलवे स्टेशन पर ट्रेनिंग के बहाने बुलाकर बायोमैट्रिक मशीन से हस्ताक्षर भी कराए गए। इस मामले में थाना शाहगंज पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि इस ठगी में शामिल आरोपी संजय कुमार, निवासी ताखा पश्चिम थाना शाहगंज, एक निजी इंटर कॉलेज में अध्यापक है। 29 जनवरी 2026 को शाहगंज पुलिस ने उसे चिरैया मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने परिचितों के माध्यम से रेलवे में नौकरी दिलाने की बात फैलाकर लोगों से संपर्क कराया और अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये मंगवाए। उसने यह भी स्वीकार किया कि इस पूरे मामले में पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के कुछ लोगों से संपर्क था और उन्हीं के कहने पर वह पैसे इधर-उधर ट्रांसफर कर रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी से बचने के लिए लोग किसी भी सरकारी नौकरी के नाम पर मांगे जा रहे पैसों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
























