Sunday, February 15

सहरसा(बिहार)।सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क, विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात

सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क, विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात

राकेश कुमार यादव, सहरसा(बिहार) 

सहरसा जिले भर में सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था के समुचित संधारण को लेकर गुरुवार को स्थानीय प्रेक्षा गृह में जिलाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक हिमांशु की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरस्वती पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर अपेक्षित कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से सदर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत 135 स्थलों एवं सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत 58 स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह प्रतिनियुक्ति अवधि 23 जनवरी 2026 से प्रतिमा विसर्जन तक प्रभावी रहेगी।

जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था के समुचित संधारण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के उद्देश्य से जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो दूरभाष संख्या 224102 एवं 100 पर 23 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक कार्यशील रहेगा।

बैठक के दौरान सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने निर्धारित कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता निशांत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *