डीएम ने सीएचसी सौरबाजार का किया निरीक्षण
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
जिला पदाधिकारी दिपेश कुमार ने गुरूवार को सहरसा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सौरबाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) की उपस्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय बीएचएम, बीएएम, बीसीएम, बीएमई, एफएम, डब्ल्यूएचओ डीईओ, सीसीएच सहित सीएचसी के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ओपीडी, दवा भंडारण, प्रसव कक्ष, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं अभिलेखों की जांच की।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों को नियमित रूप से ड्यूटी निभाने और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
























