चुनाव आयोग ने यूपी की मतदाता सूची जारी की, 2.89 करोड़ नाम हटाए गए, कुल मतदाता 12.56 करोड़
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया में करीब 2 करोड़ 89 लाख नाम हटाए गए हैं, जिससे प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या घटकर 12.56 करोड़ रह गई है।
लखनऊ, । निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। इस सूची में करीब 18.70 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 15.44 करोड़ से घटकर 12.56 करोड़ हो गई है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोकभवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को जब मतदाता सूची फ्रीज की गई थी, उस समय प्रदेश में 15 करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत थे। इसके बाद 4 नवंबर से 26 दिसंबर 2025 तक गणना चरण चला, जिसमें 12 करोड़ 55 लाख से अधिक गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जो कुल मतदाताओं का 81.30 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 46.23 लाख मतदाता मृत पाए गए, जबकि 79.52 लाख मतदाता ट्रेस नहीं हो सके। इसके अलावा करीब 1.29 करोड़ मतदाता अन्य स्थानों पर स्थानांतरित पाए गए। वहीं 25.47 लाख ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे। ऐसे मामलों में मतदाता का नाम केवल एक स्थान पर ही रखा जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि एक मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता न हों। इसके लिए प्रदेश में 15,430 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस पूरी प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का सहयोग रहा और सभी 75 जिलों में उनके साथ बैठकें की गईं। अब तक राजनीतिक दलों के साथ 1546 बैठकें हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावा और आपत्ति की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान मतदाता फॉर्म-6, 6क, 7 और 8 के माध्यम से नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें बीएलओ के जरिए नोटिस भेजा जाएगा। अब तक 15.78 लाख फॉर्म-6 प्राप्त हो चुके हैं।
नवदीप रिणवा ने बताया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम इस सूची में शामिल किए जाएंगे, जबकि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वालों के नाम बाद में जोड़े जाएंगे। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 6 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
























