मैदानी राज्यों में शीतलहर और कोहरे से ठंड बढ़ी, कश्मीर में ताजा बर्फबारी
सत्य रथ ,डेस्क। नए साल की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। एक ओर कश्मीर की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है, तो दूसरी ओर मैदानी राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे के कारण ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
यूपी सहित पंजाब-हरियाणा में ठंडी हवाओं से बढ़ी सिहरन
उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का असर बना हुआ है। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास कराया।
कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी
कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। गुलमर्ग, गुरेज और माछिल समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में घाटी के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि कुछ ऊंचे इलाकों में भारी हिमपात की भी संभावना है।
हालांकि, बादलों की मौजूदगी के कारण रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। चिल्ला-ए-कलां के बावजूद इस बार सर्दी अपेक्षाकृत हल्की बनी हुई है।
राजस्थान में करौली सबसे ठंडा, कोहरा और बारिश का अलर्ट
राजस्थान में करौली प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर, दौसा, टोंक, चूरू और भीलवाड़ा में भी ठंड बढ़ी है। जयपुर में रात का तापमान 11.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 1 से 3 जनवरी के बीच कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल में साल का सबसे ठंडा दिन
पश्चिम बंगाल में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। कोलकाता में बुधवार को साल का सबसे कम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है। दार्जिलिंग में पारा गिरकर 3.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने उप-हिमालयी जिलों में अगले एक हफ्ते तक ठंड बने रहने की चेतावनी दी है। कई जिलों में सुबह के समय कोहरा और पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
























