Sunday, February 15

सोनभद्र/आजमगढ़।मौत की सिरप घोटाला:सोनभद्र–आजमगढ़ में पांच फरार आरोपियों पर इनाम, पुलिस का शिकंजा कसता गया

 मौत की सिरप घोटाला:सोनभद्र–आजमगढ़ में पांच फरार आरोपियों पर इनाम, पुलिस का शिकंजा कसता गया

सोनभद्र/आजमगढ़। कोडीनयुक्त कफ सिरप यानी ‘मौत की सिरप’ के अवैध कारोबार के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोनभद्र और आजमगढ़ में मंगलवार को इस घोटाले से जुड़े पांच फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनमें गिरोह का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भी शामिल है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने धड़पकड़ अभियान तेज कर दिया है।

सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जिले में फर्जी फर्मों के जरिए कोडीनयुक्त कफ सिरप का अवैध कारोबार किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल फरार है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। शुभम वाराणसी के आदमपुर क्षेत्र के कायस्थ टोला का रहने वाला है।

इसके अलावा, इस मामले में फरार चल रहे विशाल उपाध्याय (निवासी सरसावा, सहारनपुर), निशांत उर्फ रवि गुप्ता (चांदनी चौक, नई बाजार, भदोही) और विजय गुप्ता (गोला दीनानाथ, कबीरचौरा, वाराणसी) पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। सोनभद्र में इन सभी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है।

उधर, आजमगढ़ में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप घोटाले में फरार हिस्ट्रीशीटर विपेंद्र सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। दीदारगंज थाने में उसके खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह मार्टीनगंज बाजार में किराये के मकान में बिना किसी लेखा-जोखा के मेडिकल स्टोर चला रहा था। उसका नाम सामने आने के बाद वह फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि उसकी फर्म पिछले एक साल से बंद थी।

भदोही में लुकआउट नोटिस की तैयारी

कोडीनयुक्त कफ सिरप घोटाले की जांच का दायरा अब भदोही तक भी फैल गया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिले की पांच फर्मों के नाम इस घोटाले में सामने आए हैं। इनमें से तीन फर्म संचालकों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है और पासपोर्ट विभाग से उनका विस्तृत विवरण मांगा गया है।

पुलिस के मुताबिक, मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की रांची स्थित फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ से जुड़े आठ मेडिकल स्टोरों को पहले ही नोटिस भेजे जा चुके हैं। जांच में सामने आया है कि भदोही की पांच फर्मों ने करीब 10 करोड़ रुपये के कोडीनयुक्त कफ सिरप का कारोबार किया। इस मामले में खाद्य एवं औषधि विभाग ने 18 नवंबर को पांच फर्म संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *