वीर बाल दिवस पर संगोष्ठी व प्रभात फेरी, साहिबजादों के बलिदान को किया गया नमन
जौनपुर। वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शाहीपुर स्थित कार्यालय पर शुक्रवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया। इससे पूर्व नगर में वीर बाल दिवस पर प्रभात फेरी निकाली गई, जो कोतवाली से प्रारंभ होकर सद्भावना पुल होते हुए ओलंदगंज स्थित गुरुद्वारा पर समाप्त हुई। प्रभात फेरी में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव और जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति शामिल रहे।
संगोष्ठी का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्रों ने बहुत कम उम्र में धर्म, सच्चाई और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस आज भी देश को प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को मनाया जाने वाला वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को समर्पित है।
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2022 में वीर बाल दिवस घोषित किया गया, ताकि देश के बच्चे और युवा साहिबजादों के त्याग और साहस से प्रेरणा ले सकें। साहस उम्र का मोहताज नहीं होता, यह साहिबजादों ने सिद्ध कर दिया।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि वीर बाल दिवस एक राष्ट्रीय स्मृति दिवस है, जो गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्रों की असाधारण वीरता और शहादत को याद करता है। नौ और छह वर्ष की आयु में साहिबजादों ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर अमर बलिदान दिया, जो भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंघानिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
























