Sunday, February 15

जौनपुर।फर्जी जन्म प्रमाणपत्र गैंग का पर्दाफाश, 5 सदस्य गिरफ्तार।

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र गैंग का पर्दाफाश, 5 सदस्य गिरफ्तार।

जौनपुर। थाना जलालपुर पुलिस ने फर्जी जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए गैंग के पाँच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 04 लैपटॉप बरामद किए हैं। मामला वादी रतन कुमार द्वारा फर्जी जन्म प्रमाणपत्र दिए जाने की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दस्तावेज आधार कार्ड बनाने वाले विजय यादव को दिए गए थे, जिसने फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर दे दिया। जब प्रमाणपत्र का सत्यापन सीएमओ दफ्तर से कराया गया, तो यह फर्जी पाया गया। जांच में पता चला कि विनय यादव का एक गैंग है, जो लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार करता है।

 

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर एसपी नगर व क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में टीमों ने अलग-अलग स्थानों से गैंग के पाँच सदस्यों को गिरफ्तार किया। पहली टीम ने नहोरा सई नदी के पास से अंकित यादव उर्फ शुभम और राजकुमार उर्फ विक्की को तीन मोबाइल व तीन लैपटॉप सहित पकड़ा। दूसरी टीम ने बाकराबाद हाईवे तिराहे से राशिद, राजीव कुमार और अभिषेक गुप्ता को छह मोबाइल व एक लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्राम पंचायत की आईडी से मिलता-जुलता पासवर्ड ट्राई कर लॉगिन करते थे और एनीडेस्क के माध्यम से स्क्रीन शेयर कर पासवर्ड जनरेट करके फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करते थे। इसके बदले वे लोगों से भारी रकम वसूलते थे। पकड़े गए एक आरोपी अभिषेक गुप्ता के खिलाफ उन्नाव साइबर क्राइम थाना में भी मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना जलालपुर और साइबर क्राइम जौनपुर की कुल 11 सदस्यीय पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *