शताब्दी वर्ष पर आरएसएस ने गणवेश में हुए एकत्रीकरण
आचार्य ओमप्रकाश वर्मा
नगरा, बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नगरा मंडल का एकत्रीकरण कार्यक्रम मंगलवार को सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इसमें संघ से जुड़े दर्जनों स्वयंसेवक गणवेश में शामिल हुए।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संघ का इतिहास बताया गया। पदाधिकारियों ने हिंदुओं से संगठित रहने और जातिवाद खत्म करने की अपील की। साथ ही पथ संचलन जैसे आयोजनों पर भी विचार-विमर्श किया गया।संघ की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। सह जिला कार्यवाह प्रेम प्रकाश राय ने संघ के इतिहास और शताब्दी वर्ष कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. हेडगेवार ने हिंदुत्व के जागरण तथा देश की संस्कृति एवं सभ्यता की रक्षा के उद्देश्य से की थी।
राय ने बताया कि पांच स्वयंसेवकों के साथ शुरू हुआ संघ आज पूरे विश्व में हजारों शाखाओं तक फैल चुका है। संघ अपने कार्यक्रमों के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि संघ 2025 में अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है, जिसके उपलक्ष्य में पूरे देश में शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है।इस वर्ष संघ की शाखाओं का विस्तार, जातिवाद को खत्म करना और हिंदुओं को आपस में जोड़ने का कार्यक्रम रखा गया है।
इस अवसर पर खंड कार्यवाह बृजेश पाल, खंड सह कार्यवाह सौरभ किशोर मिश्रा, विहिप जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह चंदेल, सहायक प्रोफेसर समरजीत सिंह, उमाशंकर सैनी और संजय सोनी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

