छठ पूजन पोखरे के भींट के अस्तित्व को बचाने का उपजिलाधिकारी को लिखा पत्र
आचार्यओमप्रकाश वर्मा
नगरा। नगर पंचायत के पोखरे के भींट पर कब्रिस्तान की बाउंड्री निर्माण के प्रयास का मामला उस समय और गरमा गया जब विहिप ने अपने लिखित प्रार्थनापत्र में छठ घाट को सुरक्षित करने हेतु रसड़ा उपजिलाधिकारी रवि कुमार को पत्रक सौंप कर की मांग की है। विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह चन्देल राजू ने मांग पत्र में उपजिलाधिकारी को अवगत कराते बताया है कि आने वाले हिन्दू धार्मिक आस्था का महा पर्व छठ की पूजा पोखरे के घाट पर परम्परागत ढंग से महिलाओं द्वारा किया जाता रहा है। उन्होंने कहा है कि नगरपंचायत के सिकन्दर पुर मार्ग पर काली स्थान के पास एक पोखरा था जहां 15 सौ परिवारों का छठ पूजा सम्पन्न होता रहा है मगर वह पोखरा अस्तित्व में नहीं है। नगरपंचायत के पंचपेडवा मुहल्ला वार्ड नंबर 10 में एक पोखरा सरकारी अभिलेखों में गाटा संख्या 1027 व भींटा गाटा संख्या 1028 है। इस पोखरे के चारों तरफ भींट पर छठ पूजा की व्रती महिलाएं बैठकर पूजन करती हैं और अभी तत्काल में जिवित्काव्रत कर महिलाओं ने इस घाट पर अपनी अराधना की हैं। इस सरकारी अभिलेखीय भींट की भुमि को मुस्लिम बन्धुओं द्वारा बार बार कब्रिस्तान बताकर कब्र गाड़ने का प्रयास और बांऊण्ड्री दिवाल बनाने की जबरन कोशिश करके बवाल खड़ा करने की कुत्सित रचना करते हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से अभिलेख में दर्ज सरकारी भुमि को सुरक्षित करते हुए पोखरे व भींट के अस्तित्व को बचाने का आग्रह किया है।

