
तटबंध के भीतर बाढ़ से बढ़ती जा रही परेशानी, उचे स्थान पर शरण ले रहे हैं बाढ़ पीड़ित
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर फैला बाढ़ का पानी, परेशानी।
सहरसा।कोसी बराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी का असर अब सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर अवस्थित कई पंचायतों मे दिखने लगा है। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के घोघसम, बेलवाड़ा, कठडूमर एवं धनपुरा पंचायत के विभिन्न टोला जो तटबंध के भीतर बसे है, उन इलाको मे बाढ़ ने अपना पांव परासरने लगा है। जिस कारण तटबंध के अंदर के बाढ़ पीड़ित अब तटबंध के किनारे सूखे व उचे स्थानों पर शरण ले रहे है। घोघसम पंचायत के वार्ड संख्या 4 के लगभग दो दर्जन से अधिक बाढ़ पीड़ित परिवार शनिवार को पानी बढ़ने के साथ ही महिषी प्रखंड के राजनपुर के निकट तटबंध के किनारे शरण ले चुके है। इनके द्वारा नाव के माध्यम से गांव से बांस – बल्ला लाकर तटबंध किनारे जैसे – तैसे अस्थायी घर बनाकर रहने की व्यवस्था की जा रही है। 
नाव वाले ले रहे है मनमाना भारा-
घोघसम पंचायत के वार्ड संख्या 4 से राजनपुर पहुंचे बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि नाव पर बांस – बल्ला और घरेलू सामान लेकर तटबंध किनारे परिवार और बच्चो के संग आये है।अंदर से तटबंध पर आने का भी नाव वाले मनमाना भारा ले रहे है। नाव वालो द्वारा हम पीड़ितों से एक हजार से पंद्रह सौ किराया लिया जा रहा है। जो दे पा रहे है उन्हें तटबंध पर लाया जा रहा है और जो रूपया नहीं देते है उन्हें नही लाया जा रहा है। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि बाढ़ ने बर्बाद कर दिया। सुबह से बच्चे भूखे है, पीने को पानी नही है।साहेब, उपाय करा दीजिये।
रविवार को घोघसम पंचायत के बाढ़ पीड़ितों के राजनपुर पहुंचने की सूचना पर सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने राजनपुर पहुंच बाढ़ पीड़ितों से मिले। इसके बाद सांसद प्रतिनिधि ने बाढ़ पीड़ितों की परेशानी से डीएम वैभव चौधरी को अवगत कराया। जिसके बाद डीएम के निर्देश पर एसडीओ अनिषा सिंह ने राजनपुर स्थित तटबंध के किनारे पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी परेशानी से रू व रू हुए।बाढ़ पीड़ित सोहीन तांती, संजय तांती, राजकुमार तांती, जनार्दन तांती, सनोज तांती, जीवछ तांती, सदानंद तांती, सुनिल तांती आदि ने एसडीओ से अपनी परेशानी सुनाया। एसडीओ ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित है।संबंधित पदाधिकारी को आपके संबंध मे जानकारी दे दी गई। आपको हर संभव सहायता उपलब्ध कराया जायेगा।

