Monday, February 16

शाहजहांपुर।वित्त मंत्री ने 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट का लोकार्पण किया।

 वित्त मंत्री ने 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट का लोकार्पण किया।

शाहजहांपुर। योगेन्द्र यादव 

उत्तर प्रदेश सरकार के  वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुरेश कुमार खन्ना ने,  महापौर अर्चना वर्मा, सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविन्द कुमार, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ० विपिन कुमार मिश्र एवं पार्षदों की उपस्थिति में स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत नगर निगम द्वारा 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराए गए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट का फीता काटकर व बटन दबाकर लोकार्पण किया।

इस अवसर पर  मंत्री ने कहा कि प्लांट के लोकार्पण के उपरांत इसका संचालन आज से प्रारम्भ हो जाएगा। महानगर क्षेत्र से प्रतिदिन कॉम्पेक्टर के माध्यम से लाए जाने वाले सूखे और गीले कचरे के ठोस निस्तारण हेतु वैज्ञानिक विधि अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कचरे का निस्तारण उसी दिन किया जाएगा तथा गीले कचरे से खाद तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग विभिन्न कार्यों में किया जा सकेगा।  मंत्री ने सभी पार्षदगणों और जन-सामान्य से अपील की कि नगर निगम द्वारा संचालित कूड़ा वाहन को घरों से निकलने वाला सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करके ही दें, ताकि प्लांट पर आने वाले कचरे का शीघ्र निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि जन-सामान्य की सुविधा के दृष्टिगत नगर निगम द्वारा अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से इंदौर की तर्ज पर नगर निगम शाहजहांपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में विकसित करने हेतु सहयोग करने की अपील की और कहा कि इस दिशा में सबके सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां खुशबूदार पौधे जैसे चम्पा, चमेली, रातरानी लगाए जाएं। प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने हेतु पार्षदगण सक्रिय रूप से कार्य करें ताकि सफाई व्यवस्था सर्वाेपरि बनी रहे।

 महापौर अर्चना वर्मा ने सभी को नगर निगम द्वारा स्थापित इस प्लांट की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे स्वच्छता के क्षेत्र में एक सार्थक कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में  प्रधानमंत्री द्वारा आरम्भ किए गए स्वच्छ भारत मिशन में नगर निगम शाहजहांपुर ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया, जिसका प्रमाण आज नगर निगम द्वारा निर्मित यह प्लांट है। उन्होंने बताया कि महानगर क्षेत्र से प्रतिदिन कॉम्पेक्टर के माध्यम से कचरा लाया जाएगा और उसका पृथक्करण कर निस्तारण किया जाएगा। गीले कचरे से खाद बनाने का कार्य भी किया जाएगा।

लोकसभा सांसद एवं ददरौल विधायक ने भी अपने विचार रखे, जिनमें उन्होंने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कराए गए विकास कार्यों के विषय में विस्तार से बताया। इसी क्रम में ददरौल ब्लॉक के खिलौली में स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु नगर निगम द्वारा नव-निर्मित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट का लोकार्पण किया गया।

नगर आयुक्त डॉ० विपिन कुमार मिश्र ने प्लांट के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ भारत मिशन योजना अन्तर्गत नगर निगम, शाहजहांपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु स्थापित इस सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की कुल लागत 18.75 करोड़ रुपये है। इसकी क्षमता 130 टन प्रति दिन है और यह 5.95 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला है। इसमें सिविल वर्क की लागत 12.69 करोड़ रुपये है, जो कार्यदायी संस्था सी० एंड० डी० एस० के माध्यम से की गई। इसके अंतर्गत रिसीविंग एरिया (अनकवर्ड), प्री-प्रोसेसिंग एरिया (कवर्ड एवं अनकवर्ड), कम्पोस्ट पैड (कवर्ड एवं अनकवर्ड), मशीन शेड, क्यूरिंग एरिया, फिनिश्ड प्रोडक्ट गोदाम, टॉयलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल गेट सहित सी०सी० रोड का निर्माण कराया गया। वहीं मैकेनिकल वर्क नगर निगम की कार्यदायी संस्था मै० इनवायरन आर्गेनिक वर्क्स एंड सप्लायर्स, मेरठ द्वारा 6.06 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया। इसके अंतर्गत प्री-शार्टिंग यूनिट, एम०आर०एफ० कम आर०डी०एफ० यूनिट, वेट वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट, इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट, सैनेटरी लैंडफिल आदि शामिल हैं। ओपेक्स लागत में मैनपावर, बिजली, मेंटीनेंस, वाहन बीमा, संचालन एवं रखरखाव, ईंधन आदि का प्रावधान किया गया है।

इस परियोजना के अन्तर्गत नगर निगम का समस्त कूड़ा प्रतिदिन नगर निगम के संसाधनों से खिलौली स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर भेजा जाएगा, जहां वैज्ञानिक पद्धति से इसका निस्तारण मै० इनवायरन आर्गेनिक वर्क्स एंड सप्लायर्स, मेरठ द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर  मंत्री,  महापौर एवं अन्य अतिथियों ने हर घर तिरंगा अभियानष् में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के ऑपरेटर एवं एनिमेटर्स को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, शाहजहांपुर की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर  मंत्री ने पौधा रोपित कर वृक्षारोपण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य,  पार्षदगण, भावड़खेड़ा ब्लॉक प्रमुख राजाराम वर्मा, कांट ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्त शुक्ला, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व  अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर नगर आयुक्त एस०के० सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, मुख्य अभियंता एस०के० अम्बेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० मनोज कुमार मिश्रा, लेखाधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह एवं नगर निगम के अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, कार्यदायी संस्था के डायरेक्टर प्रदीप गुप्ता, संस्था सी० एन० डी० एस० के प्रोजेक्ट मैनेजर रघुवंश राम, भारतीय स्टेट बैंक, शाहजहांपुर के मैनेजर राजेश शुक्ला तथा अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *