
जौनपुर में भाजपा की कार्यशाला: “संकल्प से सिद्धि” अभियान की हुई रूपरेखा तय, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर शुक्रवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की, जबकि भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के माध्यम से देश आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की दिशा में बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 9 से 21 जून तक चलने वाले “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत मंडल स्तर से लेकर ग्राम पंचायत और शक्ति केंद्र तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ, और विकसित भारत संकल्प सभा जैसे आयोजनों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान भारत योजना में 100% पंजीकरण भी लक्ष्य में शामिल है।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि यह अभियान न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनमानस तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय भागीदारी का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल पीपीटी स्लाइड के माध्यम से कार्यशाला में कार्यक्रमों की तारीखवार योजना साझा की गई, जिसमें 11-12 जून को प्रेस वार्ता व प्रबुद्ध समागम, 13-15 जून को मंडल स्तर पर अभियान, 16-18 जून को शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रम, और 19-21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की रूपरेखा तय की गई है।
इसके अतिरिक्त, 9 जून से 9 जुलाई तक “बदलता भारत, मेरा अनुभव” नामक एक डिजिटल प्रतियोगिता भी चलाई जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया और वृत्त सुरेंद्र कुमार सिंघानिया ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, अभियान संयोजक, सह-संयोजक, शक्ति केंद्र संयोजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर मोदी सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

