Wednesday, December 17

जौनपुर।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न: भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाल कर सशस्त्र बलों को दी श्रद्धांजलि

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न: भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाल कर सशस्त्र बलों को दी श्रद्धांजलि

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में सांसद, विधायक, मंत्री, नगर पालिका एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और महिलाएं शामिल हुईं।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत कलीचाबाद चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा से की गई, जिसे राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा पालिटेक्निक, ओलन्दगंज, चहारसू, कोतवाली, सब्जी मंडी, शिया कॉलेज, साही किला, सद्भावना पुल होते हुए कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन पर समाप्त हुई।

मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से देश गौरवान्वित है। सेना ने जिस बहादुरी से आतंकवादियों को समाप्त किया, वह अद्वितीय है। पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए 26 निर्दोषों को यह हमारी श्रद्धांजलि है।”

काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया ने इसे सेना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बताया। वहीं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के नेतृत्व को महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि यह रैली देश के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का परिचायक है, जबकि विधायक रमेश सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त संदेश करार दिया।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा, “100 से अधिक आतंकियों को मार गिराकर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। पहलगाम हमले की विश्वव्यापी निंदा के बाद भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंक का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।”

पूर्व विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर और कृपाशंकर सिंह ने सेना के साहस की सराहना करते हुए कहा कि पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का जवाब देने में भारत सक्षम है।

जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशवासियों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है।”

मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने स्पष्ट किया कि यह रैली किसी राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश के तिरंगे के सम्मान में आयोजित की गई थी।इस मौके पर पीयूष गुप्ता, सुनील तिवारी, संतोष सिंह, अजय शंकर दुबे, रागिनी सिंह, लवकुश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *