
कांग्रेस का विरोध मार्च: भाजपा मंत्री की टिप्पणी को बताया ‘देशद्रोह’, कर्नल सोफिया कुरैशी के सम्मान में उठी आवाज़
जौनपुर।भारतीय सेना की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ भाजपा मंत्री विजय शाह की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में दर्जनों कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।
आरिफ खान ने कहा कि भाजपा की यह टिप्पणी न केवल सेना का अपमान है, बल्कि देश की नारी शक्ति और सम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने मंत्री विजय शाह के बयान को “देशद्रोह की श्रेणी” में रखते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
“जिस बेटी ने फौज में रहकर देश की सेवा की, उसे आतंकवादी की बहन कहना भाजपा की मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है,” खान ने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का इतिहास महिलाओं के अपमान और बलात्कारियों को संरक्षण देने से जुड़ा रहा है।
“चाहे ब्रजभूषण शरण सिंह हो या प्रज्वल रवन्ना, भाजपा की सोच हमेशा महिला विरोधी रही है,” उन्होंने आरोप लगाया।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश सिंह डब्बू ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला।
“भाजपा सत्ता के नशे में लोकतंत्र और महिलाओं के सम्मान को कुचलने पर आमादा है। लेकिन जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी,” उन्होंने कहा।
विरोध मार्च में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता शामिल हुए जिनमें देवराज पांडेय, अरुण शुक्ला, उस्मान अली, राजीव निषाद, सोशल मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र यादव, विजय प्रकाश वर्मा, सुनील यादव, शहनवाज मंजूर, शशांक शेखर तिवारी एडवोकेट, ज़ैद सिद्दीकी आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा,
“यह लड़ाई सिर्फ एक फौजी बेटी की नहीं, बल्कि देश की हर महिला और हर सिपाही की प्रतिष्ठा की है। जब तक विजय शाह को उनके घृणित बयान के लिए सज़ा नहीं मिलती, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।”

